PF Interest : वेतनभोगी कर्मचारियों की पीएफ पर ब्याज दर बढ़ी, 6 करोड़ कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
![PF Interest: Interest rate on PF of salaried employees increased, 6 crore employees will get benefit](https://bharatbandhu.org/wp-content/uploads/2023/03/EPF-2-e1679991671381.jpg)
नई दिल्ली, 28 मार्च। PF Interest : मोदी सरकार ने महंगाई भत्ता में बढोत्तरी के साथ-साथ अब EPFO की ब्याज दर भी बढ़ा दी गयी है। EPFO ने अपने छह करोड़ खाताधारकों को बड़ा तोहफा दिया है। EPF में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज दर में EPFO ने इजाफा किया है। वित्त वर्ष 2022-23 में अब पीएफ अकाउंट होल्डर को 8.15 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। EPFO ने मार्च में 2021-22 के लिए ईपीएफ पर ब्याज घटाकर 8.1 फीसदी किया था। EPFO पीएफ अकाउंट होल्डर के खाते में जमा राशि को कई जगहों पर निवेश करता है। इस निवेश से होने वाली कमाई का एक हिस्सा ब्याज के रूप में खाताधारकों को देता है।
EPFO से जुड़े सभी निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था CBT की ओर से EPF में जमा पर वित्त वर्ष 2022-23 के लिए दी जाने वाली ब्याज दर के निर्णय को वित्त मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय से जल्द ही इसे मंजूरी मिलने के बाद ब्याज को 5 करोड़ EPF सब्सक्राइबर्स के खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि EPF सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही अपने सब्सक्राइबर्स के खाते में ब्याज को क्रेडिट करता है।
आपको बता दें कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े निर्णय लेने वाले केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की दो दिवसीय बैठक हाल ही हुई थी। इसमें आगामी साल के लिए ब्याज दरें निर्धारित कर दी गई है। वर्ष 2021-22 में EPFO ने ईपीएफ पर ब्याज घटाकर 8.1 फीसदी कर दिया था, जो कि 4 दशक का सबसे निचला स्तर था। लेकिन 2020-21 में EPF पर ब्याज 8.5 प्रतिशत थी। इस तरह यह 1977-78 के लिए EPF की ब्याज दर 8 फीसदी के बाद 2021-22 दूसरा सबसे कम ब्याज दर वाला साल था।